-दीपक दुआ… (This Review is featured in IMDb Critics Reviews)
किसी कहानी का सही मायने में विस्तार देखना हो तो यह सीरिज़ देखिए। यू-ट्यूब पर टी.वी.एफ. यानी द वायरल फीवर नामक चैनल ने अप्रैल, 2021 में पांच एपिसोड की वेब-सीरिज़ ‘एस्पिरेंट्स’ बना कर मुफ्त में देखने के लिए अपलोड की थी। वह सीरिज़ इस कदर पसंद की गई कि अब उसका यह दूसरा सीज़न (Aspirants Season-2 ) अमेज़न प्राइम वीडियो पर आया है।
सीज़न-1 का रिव्यू पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
हालांकि पिछले सीज़न में ही यह साफ हो गया था कि कभी एक-दूसरे से चिपक कर दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर में आई.ए.एस. बनने की तैयारियां कर रहे अभिलाष, गुरी और एस.के. अब अलग-अलग रास्ते पर चल पड़े हैं। लेकिन उस सीज़न में जहां कहानी का फोकस इनके आई.ए.एस. बनने के संघर्ष पर था और बीच-बीच में उनकी वर्तमान ज़िंदगी दिखाई जा रही थी वहीं इस बार कहानी उनके वर्तमान को ज़्यादा छूती है और बीच-बीच में यह दिखाती है कि कैसे ये तीनों अतीत में अलग होकर भी एक-दूसरे के लिए बैचेन थे। इस बार (Aspirants Season-2 ) की कहानी इनके भविष्य की तरफ भी इशारा करती है।
जूनियर एस्पिरेंट अभिलाष अब आई.ए.एस. बन कर रामपुर के डी.एम. हैं और उनके सीनियर रह चुके संदीप भैया ऑफिस में उन्हीं के जूनियर। ऐसे में इनके बीच होने वाले टकराव के बहाने से यह कहानी इन सभी दोस्तों के बीच बदलते रिश्तों के समीकरण दिखाती है। दीपेश सुमित्रा जगदीश, अरुणाभ कुमार, श्रेयांश पांडेय व अन्य लेखकों की कलम इन पांच एपिसोड की कथा-पटकथा को कस कर रखती है। दो-एक जगह हल्की-सी लड़खड़ाहट है लेकिन वह महसूस नहीं होती। हां, मध्यप्रदेश में रेवा नहीं रीवा जगह है, इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए था। बाकी तो, लिखने वालों ने खूब रिसर्च कर के, खूब दम लगा कर लिखा है, जिसकी तारीफ होनी चाहिए। खासतौर से किरदारों को उनकी तय खूबियों और खामियों के दायरे में जिस तरह से विकसित किया गया है, वह हैरान करता है।
निर्देशक अपूर्व सिंह करकी अपना कद दिन-ब-दिन ऊंचा किए जा रहे हैं। उन्हें दृश्यों को संजोना, साधना, कसना और चरम पर ले जाकर छोड़ना भी बखूबी आता है। बीते दिनों और आज के समय के दृश्यों में उन्होंने जो तालमेल बनाए रखा है, वह बेहतरीन है।
हर कलाकार कमाल का काम करता दिखा। अरुणाचल से पहली बार आईं तेंगम भी। बाकी, नवीन कस्तूरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सन्नी हिंदुजा, नमिता दुबे, शिवा हरिहरन जैसे सभी कलाकारों ने उम्दा काम किया है। लोकेशन, कैमरा, संपादन, संगीत जैसे तकनीकी पक्ष भी शानदार रहे हैं।
सीज़न-1 देखने के लिए यहां क्लिक करें…
इस सीरिज़ (Aspirants Season-2 ) के पिछले सीज़न में जहां युवा मन की उड़ानों और अपनों से जुड़े रहने की बातें अधिक थीं वहीं इस बार दोस्तों के मिलने और बिछड़ने की बातों के बरअक्स इनके आपसी रिश्तों में आ रहे बदलावों की बात है। पिछली बार से ज़्यादा सधा हुआ, ज़्यादा मैच्योर सिनेमा इसमें देखने को मिलेगा, यह तय है।
(रेटिंग की ज़रूरत ही क्या है? रिव्यू पढ़िए और फैसला कीजिए कि सिरीज़ कितनी अच्छी या खराब है। और हां, इस रिव्यू पर अपने विचार ज़रूर बताएं।)
Release Date-25 October, 2023 on Amazon Prime
(दीपक दुआ फिल्म समीक्षक व पत्रकार हैं। 1993 से फिल्म-पत्रकारिता में सक्रिय। मिज़ाज से घुमक्कड़। ‘सिनेयात्रा डॉट कॉम’ (www.cineyatra.com) के अलावा विभिन्न समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, न्यूज पोर्टल आदि के लिए नियमित लिखने वाले दीपक ‘फिल्म क्रिटिक्स गिल्ड’ के सदस्य हैं और रेडियो व टी.वी. से भी जुड़े हुए हैं।)


Wonderful reviews
Thanks…
रिव्यु एकदम दमदार —रिव्यु पढ़कर ये सीरीज़ देखी… पैड ही सही पर ये सीज़न -2 देखकर पैड होना खला नहीं…। पहली सीरीज़ भी देखी थी फ्री में यू ट्यूब पर.। दोनों ही सीरीज़ का अपना अलग – अलग दायरा है..। जहाँ एक तरफ आईएएस बनने की चाह और वखिन दूसरी तरफ आईएएस बनने के बाद नौकरी और दोस्ती के उतार चढ़ाव देखते ही बना।
जो सीरीज़ या फ़िल्में एक ऐसे वातावरण को प्रस्तुत करें जोकि वाकई संभव हो वो कमाल की होती है जैसे ये और “सूर्यवंशम ” दोनों ही।
वाकई दिल में जगह करने वाली सीरीज़ है ये “Aspirant Season-2”