• Home
  • Film Review
  • Book Review
  • Yatra
  • Yaden
  • Vividh
  • About Us
CineYatra
Advertisement
  • होम
  • फिल्म/वेब रिव्यू
  • बुक-रिव्यू
  • यात्रा
  • यादें
  • विविध
  • हमारे बारे में
No Result
View All Result
  • होम
  • फिल्म/वेब रिव्यू
  • बुक-रिव्यू
  • यात्रा
  • यादें
  • विविध
  • हमारे बारे में
No Result
View All Result
CineYatra
No Result
View All Result
ADVERTISEMENT
Home CineYatra

रिव्यू-यह प्रेम मोल लेना है या नहीं?

Deepak Dua by Deepak Dua
2026/11/27
in CineYatra, फिल्म/वेब रिव्यू
0
रिव्यू-यह प्रेम मोल लेना है या नहीं?
Share on FacebookShare on TwitterShare on Whatsapp

-दीपक दुआ…

प्रेम को पूर्वा से पहली नज़र में प्यार हो गया-सच्चे वाला। उसने शादी का प्रस्ताव रखा तो पूर्वा ने कहा कि उसके घर में सिर्फ छह महिलाएं हैं-दादी, नानी, चाची, बुआ, बुआ की बेटी और वह खुद। चूंकि सबकी ज़िम्मेदारी सिर्फ उसी पर है इसीलिए वह घर नहीं छोड़ सकती। प्रेम ने बदले में प्रस्ताव रखा कि मैं अपना परिवार लेकर तुम्हारे यहां आ जाता हूं। अब ऐसे प्रस्ताव पर तो दोनों परिवारों में बवाल मचना ही था। मचा भी। और जैसा कि फिल्मों (खासतौर पर सूरज बड़जात्या की फिल्मों) में होता है-अंत भला तो सब भला… टिंग ट्रिंग ट्रिंग…!

इस फिल्म ‘यह प्रेम मोल लिया’ (Yeh Prem Mol Liya) का ट्रेलर देखिए तो इसकी कहानी न सिर्फ पता चलती है बल्कि यह भी समझ में आ जाता है कि यह फिल्म किस रास्ते पर जाएगी और बीच-बीच में किस तरह के पड़ाव आएंगे। सूरज बड़जात्या की परिवार, प्यार, संस्कार के फ्लेवर वाली फिल्मों (‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘विवाह’) में सारा ज़ोर हमेशा इस बात पर रहता आया है कि परंपराओं को निभाते हुए यदि उनमें से कुछ टूट जाएं, कुछ छूट जाएं तो लीक पीटने का विलाप न करके परिवार की एकता और आपसी प्यार पर ध्यान दिया जाए क्योंकि हम साथ हैं, तो परिवार है, हम ही नहीं तो परिवार कैसा। यह फिल्म हमें इसी फ्लेवर की कहानी दिखाती है, थोड़े अलग-से तेवर के साथ।

मोटे तौर पर देखें तो यह कहानी लुभाती है। लड़की अपनी ज़िम्मेदारियों के चलते घर-परिवार छोड़ कर नहीं आ सकती और अगर लड़का परिवार के साथ वहां शिफ्ट हो सकता है तो हर्ज़ कैसा? अब दो समधियाने परिवार साथ रहेंगे तो ज़ाहिर है कि आपस में खनकेंगे भी और टकराएंगे भी। लेकिन पसंद-नापसंद से ज़्यादा यह टकराहट अक्सर अहं यानी ईगो की होती है। फिल्म इस बात को अंडरलाइन करती है कि इस ईगो को भुला कर ही कोई परिवार सुखी बनता है, कोई रिश्ता परवान चढ़ता है। सूरज हमें एक ऐसे परिवार, एक ऐसे घर का सपना दिखाते हैं जहां तेरा या मेरा की बजाय ‘हमारा’ हो, मायका या ससुराल की बजाय ‘घर’ हो, जहां दामाद विशेषाधिकार न रखे बल्कि ज़िम्मेदारियां उठाए और जहां बहू सिर्फ ज़िम्मेदारियां न उठाए बल्कि उसे भी विशेषाधिकार मिलें। कह सकते हैं पितृसत्ता के स्थापित मानकों को चुनौती देते हुए यह फिल्म आपस में मिल-जुल कर रहने की बात करती है। मगर क्या यह बात पूरे मन से, पूरे दम से, पूरे पैनेपन से कही गई है?

चार लाइनों में सुनें तो फिल्म (Yeh Prem Mol Liya) की कहानी का ढांचा बढ़िया लगता है। लेकिन जब बात इस कहानी को स्क्रिप्ट के तौर पर फैलाने की और उस स्क्रिप्ट में विश्वसनीय सीन रचने की आती है तो यह फिल्म डगमगाने लगती है। हालांकि सूरज बड़जात्या का शुरू से ही यह स्टाइल रहा है कि वह तार्किकताओं की बजाय भावों और नाटकीयता से सीन उठाते हैं। लेकिन लगातार बदल रहे सिनेमाई परिदृश्य के अनुसार उन्हें अपने ओल्ड स्कूल स्टाइल में थोड़े बदलाव कर लेने चाहिएं। स्क्रिप्ट में ऐसी ढेरों बातें हैं जो मन को ज़रा-सा तार्किक करते ही अखरने लगती हैं। बिहार पुलिस का रिटायर डी.आई.जी. मुंबई में किराए के एक ऐसे मकान में रहता है जो देखने में काफी बड़ा है लेकिन उसकी बहू उसे छोटा कहती है। उसका बेटा नाकारा, निठल्ला है लेकिन हर वक्त न जाने किस अकड़ में रहता है। म्यूज़िक डायरेक्टर बनने का स्ट्रगल कर रहा उसका पोता रोज़ाना ट्रेन में पता नहीं कहां जाता है। और जिस दिन उसे पहला बड़ा ब्रेक मिलता है, उस दिन वह ‘ज़िम्मेदारी’ निभा रहा होता है गोया आज न निभी तो कभी न निभेगी। नवरात्रि में वह लड़की से पहली बार बात करता है ओर दिवाली से पहले इनकी शादी हो जाती है। मां कहती है जल्दी शादी कर लो बाद में देव सो जाएंगे जबकि सच तो यह है कि बारिशों में सोए देव तो जागते ही दिवाली के 11 दिन बाद हैं। और लड़की घर छोड़ कर न निकल सके, ऐसी कोई मजबूरी नहीं दिखती। और भी ढेरों बातें हैं जो अविश्वसनीय हैं, ऐसे ढेरों सीन हैं जो ओवर मैलोड्रामाई हैं, ऐसे कई संवाद हैं जो बहुत कमज़ोर हैं। सूरज बड़जात्या को अपनी लिखी स्क्रिप्ट, सीन्स को किसी दूसरे से कसवा लेना चाहिए और अपने राइटिंग व डायरेक्शन के स्टाइल को भी अब नुकीला बना लेना चाहिए।

तीन घंटे से ज़रा छोटी इस फिल्म (Yeh Prem Mol Liya) के पहले हॉफ में कहानी अपनी भूमिका बांध रही है इसलिए फिल्म के अंदर तो तेज़ी से भाग रही है मगर दर्शकों को कस कर नहीं बांध पा रही है। सैकिंड हॉफ में यह भावनाओं के रास्ते पर चलती है लेकिन यहां भी यह कुछ-कुछ देर में लड़खड़ाने लगती है। हीरो की दीदी के तलाक वाला किस्सा हो या हीरोइन की बुआ की शादी वाला प्रसंग, कहानी में पूरी तरह से फिट नहीं बैठते। महसूस होता है कि ये (व अन्य कई प्रसंग) फिल्म में न भी होते तो कहानी का नुकसान कम और फायदा ज़्यादा होता।

आयुष्मान खुराना को नायक प्रेम की आदर्श छवि दी गई है। उन्होंने अपने किरदार को बखूबी संभाला भी है लेकिन कुछ सीन में उनका बेवजह मुस्कुराते हुए संवाद बोलना अखरता है। पूर्वा बनी शरवरी को देखना आंखों और मन, दोनों को सुहाता है। बाकी के कलाकारों-अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक कपूर, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, गीता अग्रवाल शर्मा, जमील खान, श्रुति सेठ, शाद रंधावा आदि का काम अच्छा रहा लेकिन इनमें से अधिकांश के किरदार रस्मी किस्म के लगे। किसी भी कलाकार को कोई एक धांसू सीन देकर उसे यादगार बनाया जा सकता था जो पिछले कुछ समय से आ रहीं ढेरों अतरंगी किरदारों वाली फिल्मों में अक्सर होता है।

‘लड़की ही घर क्यों छोड़े’, ‘लड़की ही सरनेम क्यों बदले’ जैसी परंपराओं को चुनौती देने के फेर में यह फिल्म (Yeh Prem Mol Liya) मनचाहे रास्ते पर निकल पड़ती है। इस रास्ते पर कभी यह सुस्त होती है तो कभी रफ्तार पकड़ती है, कभी बेहद बोर करती है तो दो-एक बार हौले-से भावुक भी। मगर मनोरंजन के रसों की दृष्टि से देखें तो इसमें नायक-नायिका के प्यार की वह खुशबू नहीं है जो आपको पिघलाए। इसमें से वह हास्य लापता है जो आपको गुदगुदाए। इसमें इमोशन्स की वह बौछार भी नहीं है जो आपको रुलाए। इसके गीत-संगीत में भी वह नशा नहीं है जो आपको थिरकाए या चाशनी की तरह आपके भीतर समा जाए। एक किस्म का बनावटीपन, एक किस्म का बासीपन इस फिल्म को देखते हुए साफ महसूस होता है। फिल्म के भीतर काफी सारा विरोधाभास भी है। कुल मिला कर यह एक ऐसी साफ-सुथरी फैमिली-फिल्म टाइप की फिल्म है जिसे देखते हुए अलग-अलग लोग अलग-अलग दृश्यों को पसंद या नापसंद कर सकते हैं। टाइम पास के लिए देखना चाहें तो यह बुरी नहीं है मगर इस फिल्म (Yeh Prem Mol Liya) से शानदार, जानदार, दमदार एंटरटेनमैंट की उम्मीद रखना सही न होगा।

और हां, सूरज बड़जात्या अगर मीरा बाई के भजन ‘माई री मैं तो लीनो गोविंद मोल…’ से प्रेरित होने की बजाय इस फिल्म का नाम ‘हम साथ-साथ रहेंगे’ रखते तो बेहतर होता। एक बात और, फिल्म (Yeh Prem Mol Liya) का नायक पूछता है कि ‘कौन से वेद-पुराण में लिखा है कि लड़की ही मायका छोड़ कर ससुराल जाएगी?’ तो इसका जवाब यह है कि-लिखा है, एक नहीं दो वेदों में लिखा है। पर जब फिल्म लिखने वालों ने संदर्भ नहीं तलाशे तो हम रिव्यू लिखने वाले क्यों बताएं।

(रेटिंग की ज़रूरत ही क्या है? रिव्यू पढ़िए और फैसला कीजिए कि यह कितनी अच्छी या खराब है। और हां, इस पोस्ट के नीचे कमेंट कर के इस रिव्यू पर अपने विचार ज़रूर बताएं।)

Release Date-27 November, 2026 in theaters

(दीपक दुआ राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म समीक्षक हैं। 1993 से फिल्म–पत्रकारिता में सक्रिय। ‘सिनेयात्रा डॉट कॉम’ (www.cineyatra.com) के साथ–साथ विभिन्न समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, वेब–पोर्टल, रेडियो, टी.वी. आदि पर सक्रिय दीपक ‘फिल्म क्रिटिक्स गिल्ड’ के सदस्य भी हैं।)

Tags: anupam kherAyushmann Khurranageeta agrawal sharmahimesh reshammiyarajesh sharmasaumya tandonseema pahwashaad randhawasharvarisooraj barjatyasupriya pathak kapurswanand kirkireyeh prem mol liyayeh prem mol liya review
ADVERTISEMENT
Previous Post

रिव्यू-देखें या छोड़ें हल्के-फुल्के ‘पारिवारिक मनु-रंजन’ को

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • होम
  • फिल्म/वेब रिव्यू
  • बुक-रिव्यू
  • यात्रा
  • यादें
  • विविध
  • हमारे बारे में
संपर्क – dua3792@yahoo.com

© 2021 CineYatra - Design & Developed By Beat of Life Entertainment

No Result
View All Result
  • होम
  • फिल्म/वेब रिव्यू
  • बुक-रिव्यू
  • यात्रा
  • यादें
  • विविध
  • हमारे बारे में

© 2021 CineYatra - Design & Developed By Beat of Life Entertainment