-दीपक दुआ… (This review is featured in IMDb Critics Reviews)
हिमाचल का मनाली शहर। पांच दोस्त हैं, पक्के वाले, एकदम फैमिली के माफिक। सबने मिल कर एक कैफे खोला। एक दिन कोई उस कैफे में पांच करोड़ रुपए से भरा एक बैग रख गया और इनकी ज़िंदगी बदल गई। अब एक तरफ इनके पीछे एक गैंग्स्टर के लोग पड़े हैं तो दूसरी तरफ पुलिस। और दिक्कत यह कि, वह पैसा कहीं गायब हो चुका है और जिस पर शक था, वह दोस्त भी मर चुका है। तो अब…?
इस किस्म की सस्पैंस, थ्रिलर के स्वाद वाली फिल्मों की लिखाई की बुनावट में जो कसावट होनी चाहिए, वह इस फिल्म ‘ब्लाइंड गेम’ (Blind Game) में सिरे से गायब है। ऐसी फिल्मों में घटनाओं की उलझन को सुलझाते समय जिस किस्म के तर्कपूर्ण सीन लिखे जाने चाहिएं, वे इसमें बहुत हल्के और कमज़ोर हैं। कहानी में आगे क्या होने वाला है, वह पहले ही रिसने लगता है। पटकथा के धागे कायदे से पकड़ में ही नहीं आते और संवाद इस कदर हल्के हैं कि उन पर ध्यान ही नहीं जाता।
ज़ी-5 पर आई इस फिल्म (Blind Game) का निर्देशन दक्षिण व हिन्दी में कई फिल्में दे चुके स्वर्गीय संगीत सिवान ने किया है। संगीत का देहांत हुए ढाई साल से ज़्यादा हो चुके हैं। साफ है कि यह फिल्म या तो बहुत पहले बन कर पड़ी रही या फिर इसे जैसे-तैसे पूरा किया गया है। और यह ‘जैसे-तैसे’ वाला फ्लेवर इसे देखते हुए खुल कर महसूस होता है। फिल्म में मनाली दिखाया और बोला गया है लेकिन पात्रों के मुंह से जब-जब ‘हिमाचल’ निकला, उसे म्यूट कर दिया गया जबकि कई जगह हिमाचल लिखा हुआ साफ दिखता है। दरअसल यह फिल्म हिमाचल और मनाली की खराब छवि दिखाती है। मनाली को लेकर एक संयोग यह है कि संगीत सिवान की पहली हिन्दी फिल्म ‘ज़ोर’ (Zor-1998) की शूटिंग भी मनाली में हुई थी और अब उनकी इस आखिरी फिल्म (Blind Game) की भी। फिल्म का निर्देशन काफी हल्का है और बांध पाने में नाकाम रहता है।
कलाकारों में अर्जुन रामपाल और ‘द फैमिली मैन’ वाली प्रियामणि के सिवाय कोई भी लोकप्रिय चेहरा नहीं है। इन दोनों का काम ही प्रभावी रहा है, हालांकि इनके किरदार हल्के रहे। बाकी तो न कोई किरदार उभर पाया और न ही किसी कलाकार का काम। गीत-संगीत हल्का रहा। लोकेशन का भी जम कर इस्तेमाल न हो सका। कैमरा, संपादन जैसी चीज़ें भी कमज़ोर निकलीं। वी.एफ.एक्स. तो लचर रहा।
यह एक कमज़ोर स्क्रिप्ट पर बनी कमज़ोर फिल्म है जिसे इसके बनाने वालों की कमज़ोरी समझ कर भुला दिया जाना चाहिए। इस फिल्म का एक संवाद है-‘भाई सुना है गैंग्स्टर लोग बहुत टार्चर करके मारते हैं।’ यह फिल्म भी यही कर रही है-टार्चर। बताइए, होना है आपको-टार्चर…?
(रेटिंग की ज़रूरत ही क्या है? रिव्यू पढ़िए और फैसला कीजिए कि यह कितनी अच्छी या खराब है। और हां, इस पोस्ट के नीचे कमेंट कर के इस रिव्यू पर अपने विचार ज़रूर बताएं।)
Release Date-11 November, 2026 on ZEE5
(दीपक दुआ राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म समीक्षक हैं। 1993 से फिल्म–पत्रकारिता में सक्रिय। ‘सिनेयात्रा डॉट कॉम’ (www.cineyatra.com) के साथ–साथ विभिन्न समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, वेब–पोर्टल, रेडियो, टी.वी. आदि पर सक्रिय दीपक ‘फिल्म क्रिटिक्स गिल्ड’ के सदस्य भी हैं।)
